
जिला प्रशासन की पहल: शहीद रामकुमार कश्यप स्कूल में जिला सेनानी का निरीक्षण, विद्यार्थियों को दी गई आपदा प्रबंधन व अग्निसुरक्षा की जानकारी…
- डी-ग्रेड शालाओं के निरीक्षण के तहत शहीद रामकुमार कश्यप शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल महंत, नवागढ़ का किया गया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार जिले की डी-ग्रेड प्राप्त शालाओं के निरीक्षण अभियान के तहत सुश्री योग्यता साहू, जिला सेनानी नगर सेना जांजगीर-चांपा द्वारा शहीद रामकुमार कश्यप शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला महंत, नवागढ़ का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान शाला के भौतिक वातावरण, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, राज्य शासन के निर्देशानुसार विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन की स्थिति सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी ली गई। साथ ही विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया.

इस अवसर पर अग्निसुरक्षा के संबंध में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मूलभूत जानकारी दी गई तथा मॉकड्रिल का आयोजन कर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीकों से अवगत कराया गया। आपदा प्रबंधन, फायर ट्राएंगल, आग के प्रकार, फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग एवं आग से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थी एवं शिक्षकगण के साथ नगर सेना के हवलदार विशंभर राठौर, जलेश्वर मेजर, सैनिक रविशंकर राठौर सहित फायर ब्रिगेड के जवान उपस्थित रहे। निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम से विद्यालय में सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाने का संदेश दिया गया।



