
जिला हॉस्पिटल जांजगीर में OPD गेट पर वाहनों का कब्जा, मरीज परेशान, दिव्यांगों और गंभीर मरीजों की बढ़ी मुश्किलें, स्टैंड की वसूली के बावजूद रास्ते में खड़ी हो रही गाड़िया…
जिला हॉस्पिटल जांजगीर में OPD गेट पर वाहनों का कब्जा, मरीज परेशान, दिव्यांगों और गंभीर मरीजों की बढ़ी मुश्किलें, स्टैंड की वसूली के बावजूद रास्ते में खड़ी हो रही गाड़िया…
जांजगीर:- जिला अस्पताल जांजगीर के OPD गेट के सामने इन दिनों वाहनों की बेतरतीब पार्किंग मरीजों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। OPD के प्रवेश द्वार और आसपास दर्जनों बाइक और स्कूटी खड़ी होने से अस्पताल आने-जाने का रास्ता बाधित हो रहा है।
सबसे ज्यादा परेशानी दिव्यांग, बुजुर्ग और गंभीर मरीजों को उठानी पड़ रही है। मरीजों को लेकर आने वाले परिजनों और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन आवाजाही के लिए भी रास्ता सुगम रहना जरूरी है, लेकिन OPD गेट के सामने ही वाहन खड़े होने से व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
खास बात यह है कि अस्पताल परिसर में मोटरसाइकिल स्टैंड के नाम पर शुल्क वसूली की जाती है। इसके बावजूद वाहन OPD गेट के सामने या आने-जाने वाले रास्ते पर खड़े दिखाई देते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब मरीजों की सुविधा के लिए बनाए गए अस्पताल का मुख्य रास्ता ही वाहनों से घिरा रहेगा, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
अस्पताल परिसर में ऐसी तस्वीरें पहले भी सामने आती रही हैं। बावजूद इसके, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर ठोस कार्रवाई या नियमित निगरानी नजर नहीं आ रही है।
अब जरूरत है कि अस्पताल प्रबंधन OPD गेट और आपातकालीन रास्तों को नो-पार्किंग जोन घोषित कराते हुए वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करे, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
सवाल सीधा है—मरीजों की सुविधा पहले या वाहनों की पार्किंग?



