
नैला में 43वें वर्ष सजेगा मां दुर्गा का भव्य दरबार, 110 फीट ऊंचा पंडाल बनेगा आकर्षण का केंद्र, अमेरिका के स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर तैयार हो रहा भव्य पंडाल, 35 फीट ऊंची माता रानी की प्रतिमा, सोने-चांदी के आभूषणों से होगा श्रृंगार, पहली बार दिखेगा 3D Projection Mapping Show, 8 प्रोजेक्टर से दिखेगा जिले का पर्यटन…
- नैला में 43वें वर्ष सजेगा मां दुर्गा का भव्य दरबार, 110 फीट ऊंचा पंडाल बनेगा आकर्षण का केंद्र,
- अमेरिका के स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर तैयार हो रहा भव्य पंडाल, 35 फीट ऊंची माता रानी की प्रतिमा, सोने-चांदी के आभूषणों से होगा श्रृंगार,
- पहली बार दिखेगा 3D Projection Mapping Show, 8 प्रोजेक्टर से दिखेगा जिले का पर्यटन….
जांजगीर-चांपा:- जिले में नवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। देवी मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है और नवरात्रि के दौरान आस्था के दीप प्रज्ज्वलित कर माता रानी की आराधना की जाएगी, वहीं जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय के नैला नगर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दुर्गा पूजा को लेकर भव्य तैयारियां की जा रही हैं। नैला के ऐतिहासिक दुर्गा पंडाल में इस बार 43वें वर्ष मां दुर्गा का भव्य दरबार सजाया जा रहा है, जिसकी तैयारियां पिछले करीब दो महीने से लगातार जारी हैं।
दुर्गा पूजा आयोजन समिति ने तैयारियों को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित कर नवरात्रि के दौरान किए जाने वाले आयोजन और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। समिति के मुताबिक इस बार नैला का दुर्गा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहने वाला है।
इस बार पंडाल को अमेरिका के न्यूजर्सी स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है, पंडाल निर्माण का काम कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। बांस, सफेद कपड़े और थर्मोकोल समेत अलग-अलग सामग्रियों का उपयोग कर पंडाल को आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। पंडाल की ऊंचाई करीब 110 फीट और चौड़ाई करीब 200 फीट रखी गई है। वहीं पंडाल के भीतर माता रानी का भव्य दरबार तैयार किया जा रहा है। इस बार करीब 35 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए स्थापित की जाएगी।

माता रानी की प्रतिमा को आकर्षक बनाने के लिए ओरिजनल हीरे और मोती के साथ सोने-चांदी के आभूषण तथा आर्टिफिशियल ज्वेलरी से श्रृंगार किया जाएगा। पंडाल के अंदरूनी हिस्से को भी स्वर्णिम रंग और आकर्षक सजावट से सजाया जा रहा है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू पालीवाल ने बताया कि मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा तैयार करने के लिए भठगांव से करीब 20 मूर्तिकार पिछले दो महीने से लगातार काम कर रहे हैं, मूर्तिकार बांस का मजबूत फ्रेम तैयार कर उसके ऊपर मिट्टी से माता रानी की प्रतिमा को आकार दे रहे हैं। प्रतिमा निर्माण का काम पूरी बारीकी और मेहनत के साथ किया जा रहा है, वहीं पंडाल को आकर्षक स्वरूप देने के लिए रायगढ़ के कलाकार भी जुटे हुए हैं। कलाकार पंडाल के अंदर और बाहर स्वर्ण रंग के साथ-साथ चांदी जैसी चमकदार फिनिश देने में लगे हुए हैं। समिति के अनुसार पंडाल और प्रतिमा निर्माण में कितनी लागत आएगी, इसका फिलहाल कोई निश्चित अनुमान नहीं लगाया गया है। आयोजन से जुड़े कारीगरों और कलाकारों के रहने तथा खाने की व्यवस्था समिति की ओर से की गई है।
इस बार नैला के दुर्गा पंडाल में श्रद्धालुओं को भव्यता के साथ आधुनिक तकनीक का भी अनोखा संगम देखने को मिलेगा। जांजगीर-चांपा जिले में पहली बार दुर्गा पूजा के दौरान “3D Projection Mapping Show” आकर्षण का केंद्र बनेगा। पंडाल के ऊपर प्रोजेक्टर के माध्यम से रोशनी, साउंड और विजुअल इफेक्ट्स के जरिए अलग-अलग प्रस्तुतियां दिखाई जाएंगी।

इस 3D प्रोजेक्शन शो के लिए करीब 8 प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे। खास बात यह होगी कि शो के माध्यम से जांजगीर-चांपा जिले के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों को लाइट एवं साउंड के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को दुर्गा पूजा के दौरान भक्ति के साथ जिले की ऐतिहासिक और पर्यटन पहचान से भी रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
आयोजन समिति के सदस्य विवेक अग्रवाल ने बताया कि नैला में पिछले 43 वर्षों से नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की स्थापना कर आकर्षक पंडाल और भव्य प्रतिमा तैयार की जा रही है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां माता रानी के दर्शन करने पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि नैला के इस आयोजन में जांजगीर-चांपा जिले के अलावा अन्य प्रदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं।
उन्होंने बताया कि समिति की एक खास बात यह भी है कि यहां किसी एक व्यक्ति विशेष को पदाधिकारी बनाकर पूरी जिम्मेदारी नहीं दी जाती, बल्कि समिति का प्रत्येक सदस्य समान जिम्मेदारी के साथ आयोजन की तैयारियों में जुटता है। नवरात्रि के दौरान पूरा नैला नगर धार्मिक वातावरण में रंगा नजर आता है और अलग-अलग स्थानों से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत एवं दर्शन व्यवस्था को लेकर समिति के सदस्य लगातार काम करते हैं।

इस बार 110 फीट ऊंचा भव्य पंडाल, 35 फीट ऊंची माता रानी की प्रतिमा, आकर्षक स्वर्णिम सजावट और पहली बार होने वाला 3D Projection Mapping Show नैला के दुर्गा उत्सव को खास बनाने जा रहा है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन समिति की ओर से दर्शन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां लगातार जारी हैं।



